न्यूज़ ब्यूरो चीफ - आमोद जॉन
बरेली समेत मंडल के पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं जिले में सरसों और गेहूं की फसलें खेतों में खड़ी हैं। अगर तेज हवा के साथ बारिश हुई तो इन फसलों को नुकसान हो सकता है।
मौसम का बदलते मिजाज से किसान चिंतित हैं। बरेली में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अनुकूल माहौल बनने पर अच्छी बारिश हो सकती है। तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस गिरावट की संभावना जताई है। बरेली में शुक्रवार को दिन भर धूप और बादल के बीच लुकाछिपी का सिलसिला जारी रहा। तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस लुढ़का।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र से जारी बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार देर रात शहर पर पश्चिम विक्षोभ हावी हो गया। इससे पहाड़ों के बादल पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा से चल रही हवा के चलते शहर में प्रवेश करेंगे। निम्न वायुदाब का क्षेत्र बनने पर वे अच्छी बारिश कर सकते हैं। वहीं बेमौसम बारिश होती है, सबसे अधिक नुकसान किसानों को उठाना पड़ेगा।
सरसों और गेहूं की फसलों को होगा नुकसान
बरेली समेत मंडल के पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं जिले में सरसों और गेहूं की फसलें खेतों में खड़ी हैं। अगर तेज हवा के साथ बारिश हुई तो इन फसलों को नुकसान हो सकता है। आलू की खोदाई भी प्रभावित होगी। वहीं ओलावृष्टि के अनुमान को लेकर भी किसान चिंतित हैं।
पूर्वानुमान के अनुसार करीब चार दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इधर, शुक्रवार को सुबह धूप निकली पर दोपहर में फिर हल्के बादल मंडराने लगे। शहर में उच्च वायुदाब का क्षेत्र होन की वजह से बारिश का माहौल नहीं बन सका। अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और न्यूनतम 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।